जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद के ठाकुरबाड़ी स्थित दरधा-जमुने संगम घाट पर रविवार की सुबह एक विक्षिप्त युवक ने तकरीबन दस लाख रुपए पब्लिक के बीच लुटा दिए। वह सुबह साढ़े आठ बजे संगम घाट पर स्नान करने के बाद अपने साथ लाए थैले से अचानक हजार पांच सौ के नोट निकालकर दोनों हाथों से हवा में फेंकने लगा। हवा में उड़ रहे नोटों पर टूट पड़े लोग...
मौके पर मौजूद लोग तुरंत हजार पांच सौ के उड़ रहे नोटों पर टूट पड़े। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक युवक 10 लाख लुटा चुका था। विक्षिप्त युवक स्थानीय राजाबाजार मुहल्ला निवासी गल्ला व्यवसायी शंभू प्रसाद गुप्ता का पुत्र रंजय कुमार गुप्ता है। पिछले एक माह पहले रंजय की मानसिक स्थिति खराब होने के बाद इलाज भी कराया गया था।
15 हजार रुपए ही वापस मिल पाए
रंजय एक व्यावसायिक कमेटी का संचालन करता था, जिसमें नुकसान के बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद तकरीबन पंद्रह हजार रुपयों की बरामदगी की है। बाकी पैसा लेकर कौन कहां ले कर भागा, स्थानीय लोगों में से कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं है।
जमीन खरीदने को रखे रुपए उठा ले गया था
परिवार वालों ने बताया कि लूटी गई राशि जमीन खरीद के लिए रखी गई थी। सोमवार को जमीन की रजिस्ट्री होनी थी कि रंजय ने बीच में ही सारा काम बिगाड़ दिया। इस संदर्भ में युवक के भाई के बयान पर नगर थाने में एक मामला दर्ज किया गया है, जिसमें अज्ञात लोगों पर रुपए लूटने का आरोप लगाया गया है।
Source: Bhaskar

Post a Comment