छपरा.दहेज के लालच ने बिहार के छपरा जिले के दीनानाथ महतो को वहशी बना दिया। वह पिछले 10 साल से पत्नी अनीता देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। बुधवार को दीनानाथ ने अनीता की हत्या कर दी। घटना को उसके दोनों बच्चों ने देख लिया। इसके बाद दीनानाथ ने अनीता और दोनों बच्चों के शरीर पर केरोसिन डाला और आग लगा दी। बेड पर तड़प रहे थे बच्चे...
यह घटना मढ़ौरा थाना के सेमल गांव की है। घर से आग की लपट उठी तो गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। लोगों ने गेट खोला देखा कि अनीता की जली हुई लाश रूम के फर्श पर पड़ी थी और बेड पर दोनों बच्चे तड़प रहे थे। 2 साल का विकास और 6 साल की सुमन कुमारी बुरी तरह से जल गए थे।
हत्या को कह रहा था आत्महत्या
गांव के लोग दोनों बच्चों को हॉस्पिटल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई। अपने दो बच्चों और पत्नी की हत्या के लिए जिम्मेदार दीनानाथ ने गांव के लोगों से कहा कि उसकी पत्नी ने बच्चों के साथ आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। ग्रामीण उसकी झूठ पर भरोसा करने लगे थे, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही सारा राज खुल गया।
पुलिस के आते ही खुल गया पोल
पुलिस के आते ही दीनानाथ और परिवार के अन्य लोग बूढ़े और लकवाग्रस्त पिता को छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मृतका का भाई आया और उसने दहेज के लिए बहन की हत्या किए जाने की बात कही। मौके पर पहुंचे एएसपी अशोक कुमार सिंह ने घटना को सुनियोजित हत्या का मामला बताया है। उन्होंने आशंका व्यक्त किया कि महिला की पहले ही हत्या कर दी गई होगी बाद में जलाकर आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की गई है।
Source: Bhaskar

Post a Comment