नवादा (बिहार).बिहार के नवादा में एक लड़के ने अपने छोटे भाई की शादी रुकवा दी। इसके लिए उसने अपने मां-बाप से झगड़ा भी किया और छोटे की शादी न होने देने पर अड़ा रहा। मामले की जब जानकारी डीएम को हुई तो उन्होंने भी लड़के को शाबाशी दी। जानिए क्या है पूरा मामला...
- मामला नवादा के पकरीबरावां ब्लॉक के ढोढ़ा गांव का है।
- दरअसल, 17 साल के रणवीर की शादी उसके माता-पिता ने दो साल पहले करा दी थी।
- शादी के बाद रणवीर पढ़ाई और गृहस्थी दोनों चुपचाप संभाल रहा है। लेकिन, अबकी वह बगावत पर उतर आया।
- माता-पिता ने जैसे ही 15 साल के छोटे भाई रामवृक्ष कुमार की शादी 12 साल की लड़की से तय की, उसने विरोध शुरू कर दिया।
- पिता राजेंद्र चौधरी ने उसके विरोध को अनसुना करते हुए छोटे बेटे का रिश्ता जमुई के सिकंदरा में तय कर दिया। बस तारीख तय होनी थी।
जिलाधिकारी से की माता-पिता की शिकायत, तब बैठी पंचायत
चार दिन पहले रणवीर सीधे नवादा के डीएम मनोज कुमार से मिला। उन्हें बताया- उसके छोटे भाई रामवृक्ष की उम्र 14 साल है। आठवीं का स्टूडेंट है। वह शादी नहीं करना चाहता है। फिर भी मां और पिताजी उसका शादी करने पर आमादा हैं। जबरन शादी करा रहे हैं। डीएम ने तत्काल सदर एसडीओ राजेश कुमार और पकरीबरावां के बीडीओ रविजी को शादी रुकवाने के लिए पहल करने को कहा। रविवार को बीडीओ रविजी की मौजूदगी में सरपंच माला देवी की अध्यक्षता में ढोढ़ा ग्राम कचहरी की बैठक हुई। राजेंद्र चौधरी और उनकी पत्नी तेतरी देवी को समझाया गया। समझाने पर दोनों शादी टालने पर सहमत हुए। पंचायत ने बॉन्ड भरवा लिया कि बालिग होने के बाद ही बेटे की शादी करेंगे।
डीएम बोले- शाबाश!
डीएम मनोज कुमार ने कहा कि रणवीर ने मां-बाप की नाराजगी लेकर भी नाबालिग भाई रामवृक्ष का कॅरियर बर्बाद होने से बचाया है। रणवीर का यह कदम सराहनीय है। समाज को इसी तरह जागरूक होने की जरूरत है। बाल विवाह एक सामाजिक समस्या है। जागरुकता और सामाजिक पहल से ही इस समस्या से उबरा जा सकता है। रणवीर ने लोगों के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इंटर का छात्र है रणवीर
17 वर्षीय रणवीर के माता-पिता साधारण परिवार से हैं। ताड़ी बेचकर जीविका चलाते हैं। बड़े बेटे रणवीर की शादी 2015 में कर दी थी। तब रणवीर विवश हो गया था। बोला- कम उम्र में शादी से कॅरियर बर्बाद हो जाता है। नौकरी-पेशा के बजाय घर-गृहस्थी पर ध्यान केन्द्रित हो जाता है। अपनी शादी के समय विरोध का तरीका नहीं मालूम था। फिलहाल, रणवीर नवादा के अंबेडकर छात्रावास में रहकर इंटर की पढ़ाई कर रहा है। वह दो भाई और एक बहन है। बड़ी बहन अनिता की शादी हो चुकी है।
Source: Bhaskar
Post a Comment