आरा: समस्तीपुर जिले की एक फाइनेंस कंपनी से गबन किए गए 75 लाख रुपए को भोजपुर पुलिस ने रविवार को बरामद कर लिया। रुपए को नवादा थाना के चंदवा मोड़ स्थित एक पुलिया के नीचे बोरे में बांध कर छिपाया गया था। पुलिस इस मामले में कंपनी के ब्रांच मैनेजर की पत्नी रेणु समेत दो को गिरफ्तार कर अपने साथ समस्तीपुर ले गई है। आरोपी मैनेजर नागेन्द्र सिंह फरार...
जानकारी के मुताबिक, आरोपी नागेंद्र ने ही 31 मार्च की सुबह दलसिंहसराय स्थित कंपनी के दफ्तर से 83 लाख रुपए उड़ाए थे। रुपयों की बरामदगी व मैनेजर की गिरफ्तारी के लिए दलसिंहसराय पुलिस की टीम यहां आई थी। भोजपुर एसपी के निर्देश में टीमें गठित कर मैनेजर के घर व ससुराल में छापे मारे गए लेकिन रुपए नहीं मिले। बाद में जब पुलिस ने उसकी पत्नी समेत दो सदस्यों से सख्ती से पूछताछ शुरू की तो पता चला कि 75 लाख रुपए चंदवा पुलिया के नीचे बोरे में बांध कर छिपाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने बोरे से 1000 रुपए के पांच हजार नोट तथा 500 रुपए के पांच हजार नोट बरामद किए।
बोलेरो से लाए गए थे रुपए, चालक ने खोला था राज
रकम की बरामदगी के प्रयास में लगी समस्तीपुर पुलिस ने पहले एक बोलेरो चालक को पकड़ा। चालक ने कबूल किया कि उसने मैनेजर नागेन्द्र सिंह को आरा के न्यू पुलिस लाइन, संकट मोचन मोहल्ला के पास उतारा था। इसके आधार पर पुलिस चालक को भी लेकर यहां आई थी। मैनेजर के मोबाइल के सीडीआर से उसकी पत्नी समेत रिश्तेदारों के संपर्क नंबर मिले थे।
ब्रांच मैनेजर के पास अभी भी आठ लाख रुपए, दिल्ली में छिपे होने की सूचना
आरोपी मैनेजर नागेन्द्र अब भी फरार है। पुलिस दबाव बनाने के लिए उसकी पत्नी व एक सदस्य को अपने साथ समस्तीपुर ले गई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिल रही है कि वह दिल्ली में छिपा है। पुलिस दिल्ली में भी जाल बिछाने की तैयारी में जुट गई है।
Source: Bhaskar

Post a Comment