पटना: पटना और पटना से बाहर दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (एससी/ एसटी) के इंतजार में बैठे हैं। यह आंकड़ा 2013-2014 व 2014-2015 का है। छात्रवृत्ति की राशि के लिए विद्यार्थी जिला कल्याण शाखा और विभाग का चक्कर काट रहे हैं।
पदाधिकारियों व कर्मचारियों से मिन्नतें कर रहे हैं। उनके परिजन हर दिन कल्याण शाखा में आ रहे हैं। पूछ रहे हैं कि आखिर कब छात्रवृत्ति मिलेगी। इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण कॉलेज प्रबंधन द्वारा परीक्षा में शामिल नहीं होने की धमकी मिल रही है। छात्रों को डर है कि पैसा नहीं मिलने पर कहीं संस्थान से बाहर का रास्ता नहीं दिखा दिया जाए।
छात्रवृत्ति ही हमारा सहारा
छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत लिए जिला कल्याण में आए विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रवृत्ति का पैसा नहीं भेजे जाने के कारण जलील होना पड़ रहा है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा परेशान किया जा रहा है। आर्थिक रूप से हम इतने मजबूत भी नहीं हैं कि तत्काल पैसा जमा करें। एसआर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, यूपी, लखनऊ में आईटी फाइनल ईयर के छात्र चंदेश्वर कुमार ने बताया कि 20 मई से फाइनल परीक्षा है। प्रबंधन कह रहा है कि पैसा नहीं मिला तो परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। 2013-14 और 2014-15 की छात्रवृत्ति नहीं दी गई है। मेरे पिता जी ट्रक ड्राइवर हैं। छात्रवृत्ति के भरोसे ही एडमिशन लिया है। वह भी नहीं दी जा रही है।
अब कहां से लाएं पैसा
पीजी पोलिटेक्निक कॉलेज धर्मापुरी, तमिलनाडु में पढ़ाई कर रहे शुभम कुमार ने बताया- 2014-15 और 2015-2016 की छात्रवृत्ति नहीं मिली है। प्रबंधन कह रहा है कि परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा। मेरे पिता जी हर जगह शिकायत कर थक चुके हैं। कहां से पैसा लाएं? कहा जा रहा है कि अभी जांच चल रही है। विभाग का निर्देश मिलने के बाद पैसा भेजा जाएगा। बुधवार को इनके परिजन दुखन पासवान कल्याण शाखा में पता करने आए थे कि कब छात्रवृत्ति मिलेगी।
ई-मेल व पत्र से प्रबंधन को दी जा रही अंडरटेकिंग
जिला कल्याण शाखा में शिकायत लेकर हर दिन 50 से अधिक विद्यार्थी और उनके परिजन आ रहे हैं। जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा ई मेल और पत्र भेज कर कॉलेज प्रबंधन को अंडरटेकिंग दी जा रही है। बताया जा रहा है कि विभागीय निर्देश मिलने के बाद अविलंब राशि भेज दी जाएगी। तब तक विद्यार्थियों को परीक्षा से वंचित या निष्कासित करने की कार्रवाई नहीं करें।
क्यों लगी है रोक
पोस्ट मैट्रिक एससी-एसटी छात्रवृति में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद इसकी जांच चल रही है। इस दौरान करीब एक महीना से छात्रवृत्ति भेजने पर रोक लगी है। बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा मौखिक आदेश दिया गया है कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की जांच के बाद ही पैसा जारी करें।
किसे मिली है छात्रवृत्ति
योजना के तहत मैट्रिक से ऊपर मान्यताप्राप्त महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, संस्थान में अध्ययनरत एससी-एसटी छात्र-छात्राओं को केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं दरों के अनुरूप छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान है।
जांच के बाद ही छात्रवृत्ति राशि के भुगतान का निर्देश दिया जाएगा। जब तक जांच चल रही है, छात्रवृत्ति के भुगतान पर रोक लगाई गई है। जांच के लिए 71 टीम बनाई गई है। सभी राज्यों में टीम जाकर वस्तु स्थिति की जांच कर रही है। बहुत जल्द ही जांच रिपोर्ट आने वाली है। - प्रेम सिंह मीना, सचिव, एससी-एसटी वेलफेयर डिपार्टमेंट
Source: Bhaskar

Post a Comment