सीएम पर सुशील मोदी का पलटवार, कहा- हिम्मत है तो संघ पर प्रतिबंध लगाएं

Sushil Modi targeted on Nitish Kumar for his statements on RSS

Sushil Kumar Modi and Nitish Kumar

नवादा: पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि संघ को जितना कुचलने का प्रयास किया जाएगा, वह उससे कई गुणा अधिक ताकत से उभरेगा। आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की भूमिका बनाई जा रही है। कांग्रेस की सरकार दो-दो बार प्रतिबंध लगा चुकी है। लेकिन, संघ कमजोर होने की बजाय मजबूत हुआ है।
सोमवार की शाम अखिल भारतीय विधार्थी परिषद के नवादा कार्यालय का उद्‌घाटन करते हुए उन्होंने कहा- मैं चुनौती देता हूं कि देश और बिहार के किसी नेता में हिम्मत है तो वह संघ पर प्रतिबंध लगाकर दिखाए।
17 साल साथ रहे, तब नहीं पता था भाजपा का संघ से है क्या संबंध
मोदी ने कहा कि भाजपा और संघ को छोड़कर कोई ऐसा पार्टी नहीं, जिसका विभाजन नहीं हुआ हो। 90 साल बाद भी संघ टूटा नहीं। कांग्रेस के कई टुकड़े हो चुके हैं। कम्युनिस्ट पार्टी के भी कई गुट बन गए। लेकिन, आरएसएस का कोई विद्रोही गुट नहीं बना। नीतीश कुमार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह 17 वर्षों तक साथ रहे, तब क्या उन्हें नहीं पता था कि भाजपा का संबंध संघ से है। केंद्र में कई विभागों के मंत्री रहे, तब उन्हें नहीं पता था कि अटल बिहारी वाजपेयी कौन हैं।
आजादी की लड़ाई में संघ की थी अहम भूमिका
मोदी ने कहा- लोग सवाल उठाते हैं कि आजादी की लड़ाई में संघ कहां था। उन्हें बताना चाहता हूं कि संघ के संस्थापक केशव बलराम हेडगवार जब स्कूल में पढ़ते थे, तब रानी विक्टोरिया के जन्मदिन पर मिठाइयां बांटी जा रही थीं। तब उस बालमन ने गुलामी का प्रतीक समझकर मिठाई को कूड़े के ढेर में फेंक दिया था। आठवीं कक्षा में जब गए, तब इंस्पेक्टर स्कूल का इंस्पेक्शन करने आए। तब वंदेमातरम् से स्वागत किया। उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया। हेडगवार को महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन में भाग लेने के कारण एक साल की सजा हुई। संघ से मतभेद हो सकता है, पर उसकी देशभक्ति, राष्ट्रवाद, संस्कृति और हिंदुत्व की जो धारणा है, उसे कोई चुनौती नहीं दे सकता।
पहले अपराधमुक्त बिहार बनाएं नीतीश
उधर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नीतीश पहले अपराधमुक्त बिहार बनाकर तो दिखाएं। पूरा प्रदेश अपराध से त्राहिमाम कर रहा है। अपराधी भयमुक्त होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सीएम दूसरी ही दुनिया में खोए हैं।
पीएम की काॅपी कर रहे नीतीश : गिरिराज

केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काॅपी कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेसमुक्त देश बनाना है। इसकी नकल करते हुए नीतीश जी ने कहा कि संघमुक्त देश बनाना है। शराबबंदी पर भी नरेंद्र भाई मोदी के गुजरात की नकल की है। पहले गुजरात में शराबबंदी हुई, उसके बाद बिहार में कोशिश हुई। नीतीश कुमार को रोजगारयुक्त और अपराधमुक्त बिहार की घोषणा करनी चाहिए थी।
नीतीश पापड़तोड़ पहलवान
उधर, ट्विटर पर गिरिराज ने नीतीश कुमार को पापड़तोड़ पहलवान बताया और कहा कि शराबबंदी पर वे सिर्फ शोर मचा रहे हैं। पहले तो उन्होंने खुद घर-घर शराब पहुंचाया और अब शराबबंदी के नाम पर पापड़ तोड़ पहलवान बन रहे हैं। उन्हें शोर ही मचाना है तो बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर मचाएं। लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकते। इससे पहले भी गिरिराज नीतीश कुमार के खिलाफ ऐसे बयान दे चुके हैं। पहले तो उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना रोम के तानाशाह शासक नीरो से की थी, फिर कहा था कि देहाती औरत की तरह जलन के कारण ही नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी पर हमला करते हैं।
Source: Bhaskar
Labels:

Post a Comment

Incredible Bihar

(c) All right reserved by Incredible Bihar

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget