पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में पूरे राज्य में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने का फरमान जारी किया है। सोमवार को पटना प्रमंडल के जिलों पटना, नालंदा, बक्सर, कैमूर, रोहतास और भोजपुर में विकास योजनाओं की पड़ताल करते हुए मुख्यमंत्री ने अफसरों को शराबबंदी के मामले में पूरी तरह चौकस रहने को कहा।
बैठक में यह बात सामने आई कि शराबबंदी के बाद से बिहार में अपराध और दुर्घटनाओं की संख्या घटी है। पिछले वर्ष अप्रैल में 1-23 तारीख के बीच पटना प्रमंडल में 3178 अपराध हुए थे। इस वर्ष इसी अवधि में 27 प्रतिशत अपराध घट कर 2328 मामले दर्ज किए गए हैं।
सड़क हादसों में भी 33% की कमी आई है। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती जिलों में सघन पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। अफसरों ने बताया कि शराबबंदी के बाद से सार्वजनिक जुलूस में झगड़े के साथ हत्या, चोरी, अपहरण, रेप व लूट की वारदातों में कमी आई हैं।
इधर, राजधानी व संपूर्ण क्रांति में छापे, शराब के साथ 4 गिरफ्तार
बिहार में शराबबंदी के बाद ट्रेनों के जरिए शराब की तस्करी हो रही है। सोमवार की सुबह पटना जंक्शन पर राजधानी, संपूर्ण क्रांति आैर विक्रमशिला एक्सप्रेस में रेल पुलिस की छापेमारी में इसका खुलासा हुआ। ट्रेनों के चार स्टाफ को गिरफ्तार करते हुए विदेशी शराब की 15 बोतलें बरामद की गईं। गिरफ्तार लोगों में राजधानी के कोच अटेंडेंट दिलीप साह व वेटर राहुल, संपूर्ण क्रांति का पेंट्री कार मैनेजर गुड्डू साह व श्रमजीवी का पेंट्री कार स्टाफ सतीश सिंह शामिल है। आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से शराब खरीद कर पटना लाते थे और तीन से चार गुना अधिक दाम पर बेचते थे।
भोजपुर में मुखिया प्रत्याशी के पति शराब बनाते धराए
पुलिस ने सोमवार को सहार थाना क्षेत्र के हनुमान छपरा गांव में देसी शराब के अड्डे पर छापेमारी कर मुखिया प्रत्याशी के पति अनंत चौधरी व एक अन्य जवाहर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अनंत की पत्नी पूनम देवी मुखिया का चुनाव लड़ रही है। वोटरों को लुभाने के लिए वह अपने हाता में देसी शराब का निर्माण कर रहा था। पुलिस ने यहां से 60 लीटर देसी महुआ शराब और 500 लीटर जावा महुआ शराब जब्त की।
Source: Bhaskar

Post a Comment