आग का कहर जारी, रविवार को हजारों घर जलकर राख, 14 जिंदा जले

Thousands of houses burnt in fire and 14 dead in Bihar

Fire in Bihar
पटना: लखीसराय जिले के पोखरामा में एक घर में लगी आग में चार बच्चे जिंदा जल गए। सारण में पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन महिलाएं, एक वृद्ध व एक बच्ची शामिल है। कुल हजार घर जले हैं। गड़खा प्रखंड के झौंवा वसंत गांव में तीन, परसा के मुकंद में वृद्ध व हरना में महिला की जल कर मौत हो गई। वैशाली में एक बच्चे की मौत हो गई। जंदाहा प्रखंड के डीह बुचैली गांव में फुफेरे भाई की शादी में आए 7 साल के बच्चे मौत हो गई। वैशाली में 532 घर जल गए। गोपालगंज में 160 घर जल कर राख हो गए।
हथुआ प्रखंड के कुसौंधी पंचायत अंतर्गत खुशियाल छापर टोला भेड़िया गांव में बीरबल राम की 15 वर्षीया पुत्री खुशबू कुमारी की मौत हो गई। थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट से एक युवती की मौत हो गई। समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड के गोहीतारा में सौ घर जल गए। 55 साल के दिव्यांग जीतेंद्र राय की जिंदा जल कर मौत हो गई। उनके पैर ही नहीं थे। सहरसा जिले के पतरघट ओपी के किशनपुर गांव में पंद्रह घर राख हो गए। मोतिहारी में सौ घर जल गए व एक बच्ची की मौत हो गई।

दुल्हन के चार भतीजे-भतिजियों की जल कर मौत

जिस घर में बारात आनी थी और लोग तैयारियों में जुटे थे, उस घर को आग ने श्मशान बना डाला। दुल्हन के भाई के दो बेटों व बहन की दो बेटियों की झुलस कर मौत हो गई। कजरा थाना क्षेत्र के पोखरामा गांव निवासी गिरीश ठाकुर की बेटी की शादी थी। मेहमानों के लिए खाना बनाने के दौरान आग लग गई। घर में सोए चारों मासूम जल गए। गिरीश ठाकुर के पुत्र गुलशन ठाकुर के दो पुत्र सुजीत कुमार (7 वर्ष) व प्रिंस कुमार (5 वर्ष) व गिरीश ठाकुर की दो नातिनी सरस्वती कुमारी (8 वर्ष) और राधा कुमारी (5 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों बच्चियां बिजुलिया निवासी रंजीत ठाकुर की बेटियां थीं।

कटिहार: न घर बचा, न शादी का मंडप, गांव के लोग सहयोग से करेंगे बेटी विदा

बारात लगने से पहले ही सबकुछ जलकर राख हो गया। मनिहारी अनुमंडल के मारा लाईन गांव में लगी आग ने यूं तो दो दर्जन से ऊपर घरों को जलाकर राख कर दिया और कई परिवारों को बेघर कर दिया। लेकिन इस आग से अगर सबसे अधिक किसी की बर्बादी हुई है तो वह है शिवजी महतो जिसकी 20 वर्षीय पुत्री पूनम का विवाह होने वाला था। है। आज ही बारात आनी थी। अब गांव के लोग आपसी सहयोग से शादी कराएंगे।
Source: Bhaskar
Labels:

Post a Comment

Incredible Bihar

(c) All right reserved by Incredible Bihar

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget