भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के तातारपुर थाने में रविवार रात को जमादार दिलीप सिंह और थाने के जवानों ने मां और बेटे को बेरहमी से पीटा। पुलिस वालों ने युवक की मां को भी थाने में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली वे आक्रोशित हो गए और थाने को घेर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर भी मौके पर पहुंचे। दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पैदा हुआ विवाद...
पूरा मामला गोलाघाट में दो पक्षों के विवाद के बाद पैदा हुआ। गोलाघाट में मोहन राय के नाती विक्की और सीताराम राय के नाती चंदन, कुंदन के बीच अड्डेबाजी करने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया। घटना की जानकारी मिलते ही तातारपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस वहां से चार लोगों को पकड़ कर थाने लाई। चार लोगों की गिरफ्तारी की सूचना पाकर दोनों पक्षों के लोग थाना पहुंचे। उनमें से एक बिट्टू नाम का युवक थाना में जमादार से चार लोगों की गिरफ्तारी के संबंध में पूछने गया तो जमादार ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद अन्य पुलिस वाले भी उस पर टूट पड़े। बिट्टू की पिटाई होते देख उसकी मां उसे बचाने पहुंची तो पुलिस वालों ने उस पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया।
एसएसपी ने फोन किया तब पहुंचे डीएसपी
तातारपुर थाने में मां और बेटे की बेरहमी से पिटाई देखकर वहां से किसी व्यक्ति ने एसएसपी विवेक कुमार को फोन कर दिया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर को थाने भेजा। डीएसपी दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि वह पूरे मामले की छानबीन कर रहे हैं।
Source: Bhaskar

Post a Comment