आरा: बिहार के आरा के नागरमल शिवनारायण मॉल के एग्जिट गेट पर शुक्रवार शाम करीब 6:58 बजे बम ब्लास्ट हुआ। इसमें मॉल के दो सिक्यूरिटी गार्ड, एक महिला समेत 6 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नागरमल मॉल के मालिक आलोक बेड़िया के फोन पर रंगदारी के लिए कॉल आया था। धमकी दी गई कि पैसे लेकर बाहर निकलो नहीं तो बम से उड़ा दिए जाओगे। धमकी भरे फोन कॉल की सूचना मॉल के मालिक आलोक अभी पुलिस को दे रहे थे तब तक धमाका हो गया। तबाही का मंजर देख खड़े हो गए रोंगटे...
बम की मारक क्षमता अधिक नहीं थी, लेकिन शीशे के बड़े गेट पर बम लगने से वह टूट गया। शीशा बिखरने से भी कई लोग जख्मी हो गए। शीशा टूटने के कारण गेट पर बैठा गार्ड बिजेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कम्प्यूटर, प्रिंटर, गेट पर जमा कराए गए ग्राहकों के कुछ सामान, पीने के लिए रखा पानी का जार, ग्लास आदि बिखर गया। जख्मी लोगों के शरीर से बिखरे खून से स्थिति भयावह लग रही थी। हादसे के बाद तबाही का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। दहशत का आलम यह था कि मॉल के ऊपरी तल्लों पर ग्राहक जहां थे, वहीं दुबके रहे। कई स्टाफ और ग्राहक खौफ से मॉल के पीछे साइकिल स्टैंड की तरफ जाकर छिप गए। बाद में पुलिस ने सभी ग्राहकों को एक-एक कर बाहर निकाला।
विस्फोट के बाद फर्श पर पसर गया खून
विस्फोट से गेट के शीशे टूटकर छितरा गए। फर्श पर खून पसर गया। प्लाईवुड टूटकर बिखर गया। मॉल के अंदर चारों ओर धुआं फैल गया और भगदड़ मच गई। वे बदहवासी में जान बचाने के लिए भागने लगे। एसपी छत्रनील सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी ने कहा कि सुतली बम बाहर से फेंका गया है। दहशत फैलाने के लिए बम विस्फोट किया गया है।
विस्फोट के समय मॉल में थे 350 लोग
मॉल में विस्फोट के समय करीब 300 ग्राहक 50 स्टाफ मौजूद थे। बम सड़क की तरफ से फेंका गया। गेट पर लगा शीशा टूटकर बिखरने के कारण कुछ लोग जख्मी हो गए। मॉल के स्टाफ अभिषेक कुमार के कहा कि विस्फोट के बाद चारों ओर धुंआ फैल गया। मॉल के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड बिजेंद्र कुमार और राजीव कुमार के हाथ-पैर व पेट से खून निकलने लगा। दोनों जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे।
हमलावरों का चेहरा सीसीटीवी में कैद
मॉल के सीसीटीवी के फुटेज में बम विस्फोट करने वालों हमलावरों के सुराग मिले हैं। पुलिस को सीसीटीवी के वीडियो फुटेज में कुछ संदिग्ध चेहरे मिले हैं। इन संदिग्ध चेहरों की गतिविधियां आपराधिक प्रतीत हो रही है।
विस्फोट में ये हुए घायल
घायलों में आरा के नवादा थाना क्षेत्र के विष्णुनगर निवासी बिजेंद्र कुमार सिंह, पिता- स्वर्गीय रामबदन सिंह, बड़हरा थाने के बिंदगांवा निवासी गार्ड राजीव कुमार त्रिपाठी, पिता- गणेशदत्त त्रिपाठी, धनगाई थाने के दलीपपुर निवासी ग्राहक सन्नी कुमार, उदवंतनगर थाने के बकरी गांव निवासी सुधीर कुमार की पत्नी रीता चौधरी, अगियांव बाजार थाना के बभनगांवा-राजपुर निवासी प्रवीण कुमार शामिल हैं। इनका इलाज सदर अस्पताल, आरा में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायल सिक्यूरिटी गार्ड बिजेंद्र कुमार सिंह की हालत गंभीर है।
Source: Bhaskar

Post a Comment