नई दिल्ली/पटना: बिहार समेत देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बुधवार शाम भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। असम में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 70 से ज्यादा घायल हो गए। भूकंप का केंद्र म्यांमार के सागिंग के पास था और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गई। शाम 7 बजकर 25 मिनट पर आए भूकंप के झटके से लाेग दहशत के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।
गुवाहाटी के लोकरा में झटके लगने पर घर से बाहर निकली एक महिला को हाथी ने रौंद दिया जबकि उत्तर गुवाहाटी में बिजली का तार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मेघालय में भी 10 लोग घायल हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि झटके के बाद कटिहार जंक्शन से ऊपरी असम के डिब्रूगढ़ कस्बे के बीच रेल सेवाएं आधे घंटे से ज्यादा ठप रहीं।
अंडमान तक पहुंचे भूकंप के झटके
पूर्वी भारत में भूकंप के बाद अंडमान-निकोबार द्वीप में भी झटके लगे हैं। म्यामांर में आए भूकंप के 20 मिनट के बाद अंडमान में 4.7 तीव्रता वाला भूकंप आया।
आईपीएल में टॉस करते ही लगे झटके
कोलकाता में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच आईपीएल मैच में दोनों टीमों के कप्तान जिस वक्त टॉस के लिए मैदान पर उतरे, उसी वक्त झटके महसूस किए गए।
यहां ज्यादा महसूस हुआ भूकंप
बिहार के पूर्वी भाग किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मधेपुरा, मुंगेर, खगड़िया से लेकर कोसी क्षेत्र में भूकंप के झटके ज्यादा महसूस हुए। हालांकि, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
पटना जोन 4 में : सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल व दरभंगा के कुछ हिस्से जोन 5 में आते हैं, जो बेहद खतरनाक हैं। राजधानी सहित बिहार के बाकी हिस्से जोन 4 में आते हैं, जहां भूकंप का कम खतरा है।
भूकंप से लोग भयभीत न हों : नीतीश
प्राकृतिक आपदा की स्थिति में लोग भयभीत न हों। अफसरों से कहा गया है कि जहां भी मदद की जरूरत हो, राहत पहुंचाएं। अगले 24 घंटे तक फिर झटके की आशंका रहती है, इसलिए लोग सावधान रहें।
डीएम ने कहा- सभी पदाधिकारी रहें अलर्ट
भूकंप के झटके के बाद डीएम संजय कुमार अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। इसके साथ ही जिले के सभी एसडीओ, बीडीओ और सीओ को भी अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने भूकंप में हुए नुकसान का आकलन कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है। भूकंप के कारण अगर कहीं जानमाल की क्षति हुई है तो उसका आकलन करें।
Source: Bhaskar

Post a Comment