मोकामा: मोकामा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के पास बिजली के तार से निकली चिंगारी के कारण लगी आग से गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। गुरुदेव टोला निवासी किसान नरेश यादव ने लगभग चार कट्ठा जमीन पट्टा पर लेकर खेती की थी। एक दो दिनों में फसल की कटाई की जानी थी लेकिन उससे पहले ही फसल पूरी तरह जल गई। किसान नरेश यादव ने बताया कि खेत की बगल में बिजली ट्रांसफार्मर के तार से कई बार बिजली की चिंगारी निकलती रहती थी। इसकी सूचना कई बार बिजली विभाग के कार्यलय में दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को फिर चिंगारी निकली और खेतों में लगे फसल पर गिर गई और फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में लगभग चार बिगहा में तैयार गेहूं की फसल में आग लग जाने के कारण हजारों रुपए की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार मकसूदपुर गांव निवासी रामेश्वर सिंह, विजय सिंह, राकेश कुमार, रामसागर दास के खेतों में गेहूं की फसल लगी थी और खेत के उपर से 11 हजार वोल्ट का तार गया था। बुधवार को उक्त 11 हजार वोल्ट के तार से चिंगारी गिरने के कारण गेहूं की फसल में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फतुहा पुलिस छोटा अग्निशामक यंत्र एवं स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अगलगी की इस घटना में लगभग 80 हजार रुपए का किसानों को नुकसान हुआ है।
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रामनगर दियारा स्थित एक खलिहान में बुधवार को हुए आग लगने से हजारों की फसल जल कर राख हो गई। इस संबंध में पीड़ित कपिलदेव राय ने मामले की लिखित सूचना देकर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में सीओ चंदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि अगलगी की सूचना मिली है। मामले की जांच के बाद मुआवजा दिया जाएगा। मसौढ़ी थाना के बदौली गांव के मुदिंका प्रसाद यादव की खलिहान में बुधवार को दोपहर पछुआ हवा के झोंके से अचानक आग लग गई। इससे खलिहान में रखी हुई गेहूं, चना व मसूर की फसल जलकर राख हो गई।एक लाख की क्षति का अनुमान है।
दानापुर दियारा के क्षेत्र के मानस में स्थित खलिहान में बुधवार को आग लग गई, जिससे खलिहान में रखा सरोजन राय, शिवदयाल राय, सुरेंद्र राय और देवमुनि देवी का 300 बोझा गेहूं जल गया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
Source: Bhaskar

Post a Comment