फुलवारीशरीफ: आग-आग खेलने के चक्कर में एक भाई की झुलस कर मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई बाल-बाल बच गया। यह घटना जानीपुर थाने के वीरनचक गांव की है। हादसे के समय घर के परिवार के सदस्य गेहूं की कटनी में खेत पर गए थे।
गर्दनीबाग के सरिस्ताबाद निवासी रंजीत राय की पत्नी बेबी देवी अपने दो बेटों रितिक (8 साल) और नैतिक (5 साल) के साथ एक सप्ताह पहले अपने पिता रामबाबू राय के घर वीरनचक आई थी। जानकारी के अनुसार दोनों भाई रितिक और नैतिक जलावनवाले रूम में माचिस की तिली को जला कर आग-आग खेल रहे थे। इसी बीच जलावन में आग लग गई और देखते-देखते पूरी कोठरी में आग ने विकराल रूप धर लिया। बड़ा भाई रितिक किसी तरह बच निकला और चिल्लाने लगा।
आसपास के लोग दौड़े मगर आग की लपटें तेज थीं। कोई भी हिम्मत नहीं जुटा पर रहा था कि नैतिक की जान कैसे बचाई जा सके। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाया, मगर छोटे भाई नैतिक की जान नहीं बच पाई और मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में हंगामा मच गया। मां बेबी देवी रोते-रोते बुरा हाल है। मृतक के पिता रंजीत राय निजी कंपनी में कार्यरत हैं। थानेदार चंद्रशेखर ने बताया कि पंचनामा कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Source: Bhaskar

Post a Comment