पटना: वर्ष 2019 में प्रचंड बहुमत से नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। जो लोग नरेंद्र मोदी की वर्ष 2014 के चुनाव की कामयाबी को नहीं पचा रहे हैं, उन्हें अभी और इंतजार करना होगा। केंद्र की मोदी सरकार आम लोगों के हित को ध्यान में रखकर काम कर रही है। ये बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा की ओर से रवींद्र भवन में आयोजित बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह में कहीं।
- उन्होंने नीतीश कुमार पर कहा कि वे सिद्धांतविहीन हैं।
- आरएसएस आज उन्हें सांप्रदायिक लग रही है। 17 साल साथ थे तब तो यह सामाजिक संस्था थी।
- सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने वाले लालू प्रसाद व नीतीश कुमार की भाजपा परवाह नहीं करती है।
- वहीं, प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा- भगवा को देश से खत्म करने वाले जानें कि जगदीशपुर में जीत के बाद बाबू वीर कुंवर सिंह ने भगवा ध्वज लहराया था।
- कहा- प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से डरकर सीएम ने राज्य निर्वाचन आयोग की आड़ में ग्रामोदय से भारत उदय कार्यक्रम पर रोक लगवाई।
- नीतीश कुमार को जितने भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस करना है कर लें, रविवार को पूरे प्रदेश में इस कार्यक्रम को लेकर सामूहिक संबोधन को वे सामूहिक रूप से सुनेंगे।
- हम राज्य निर्वाचन आयोग से पूछना चाहते हैं कि जब पंचायत चुनाव राजनीतिक पार्टी के आधार पर नहीं हो रहे तो कार्यक्रम पर रोक क्यों?
- डाॅ. प्रेम कुमार ने कहा कि आजादी के बाद देश में एक ही पार्टी व परिवार की सरकार रही।
- नीतीश कुमार पर कहा कि एक व्यक्ति के अहंकार व कुर्सी की चिंता के कारण पूरा प्रदेश भय के माहौल में रहने को मजबूर हो गया है।
राधामोहन बोले- सीएम को किसानों की चिंता नहीं :केंद्रीय कृषिमंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि पहले अंग्रेजों का शासन था, अब राज्य में पीके का शासन चलाने की कोशिश हो रही है। कहा- सीएम लगातार 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने पर देख लेने की बात करते हैं। यह देख लेना क्या है? हम सहयोग ही नहीं करेंगे तो आप कैसे कर सकते हैं? कहा कि किसी को भी प्रधानमंत्री बनने का प्रयास करने के लिए किसने रोका है। तीन साल का वक्त है, अंतिम तीन माह राजनीति करिएगा। अभी राज्य के किसानों के हित की बात को आगे बढ़ाएं तो बेहतर होगा।
सांसद आरके सिंह ने कहा कि आज हमें देश के भीतर भी राष्ट्रविरोधी ताकतों से जूझना पड़ रहा है। राजनीतिक हित सर्वोपरि हो गया है। देश को तोड़ने की साजिश करने वाले आज हीरो बनाए जा रहे हैं। बाटला हाउस एनकाउंटर में जिस प्रकार का विलाप हुआ, चिंतनीय है। कार्यक्रम में गोपाल नारायण सिंह, सुशील कुमार सिंह , प्रो. विपिन चंद्र, अरुण कुमार सिन्हा, हरेंद्र प्रताप, नीरज बबलू आदि ने भी अपनी बातें रखी। समारोह में विधान पार्षद संजय मयूख, किशोर मुन्ना, संजय टाइगर व राकेश सिंह भी मौजूद थे।
Source: Bhaskar

Post a Comment