पटना: नौवीं की परीक्षा 7 से 9 जून तक होगी। गुरुवार को सभी जिलों के डीईओ व डीपीओ की बैठक में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के संभावित परीक्षा कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। तीन दिनों में दो पालियों में छह विषयों की परीक्षा होगी। करीब 16 लाख परीक्षार्थी भाग लेंगे। उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बोर्ड की वेबसाइट पर 2 से 16 मई तक आवेदन कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजीव प्रसाद सिंह रंजन की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बैठक में बताया कि प्रश्नों के चयन और ओएमआर शीट के प्रारूप पर कार्य 17 अप्रैल से शुरू हो गया है। 25 अप्रैल तक यह पूरा हो जाएगा। सभी डीईओ से स्कूलवार व विषयवार छात्रों की संख्या और उसके आधार पर परीक्षा केंद्रों के गठन से संबंधित प्रतिवेदन 25 अप्रैल तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने उठाया सवाल
बिहार माध्यमिक शिक्षा संघ ने नौंवी के 16 लाख विद्यार्थियों की 7-9 जून तक ओएमआर शीट पर परीक्षा लेने के निर्णय पर कई सवाल उठाया है। संघ के महामंत्री व भाकपा विधान पार्षद केदारनाथ पांडेय ने गुरुवार को कहा कि शिक्षा विभाग नौवीं की परीक्षा में ग्रेडिंग करेगी, जबकि 10वीं की परीक्षा में मार्किंग होती है। अब तक नौवी की परीक्षा 10वीं के लिए पूर्वाभ्यास होती है। अब नौवी के विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने के पहले परीक्षा देने के तरीके का प्रशिक्षण लेना होगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा पहली बार आयोजित होने वाली नौंवी की परीक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा के निबंधन का भी आधार हो सकती है।
नौंवीं के लिए ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा शुल्क का निर्धारण, इसका वहन और प्रखंड मुख्यालयों में ही परीक्षा लेने में भी कठिनाई होगी।
Source: Bhaskar

Post a Comment