बेगूसराय/छपरा/बिहारशरीफ: अगलगी की घटनाओं में दिव्यांग समेत 3 लोग जिंदा जल गए। बेगूसराय जिले के आधा दर्जन अलग-अलग गांवों में लगी आग में पांच सौ से ज्यादा घर जलकर राख हो गए। एक युवक जिंदा जल गया। गुरुवार की दोपहर नयागांव थाने के सोनापुर भराठ गांव में बिजली के तार से निकली चिनगारी से लगी आग ने देखते ही देखते पचास से ज्यादा घरों को अपनी आगोश में ले लिया।
उपेंद्र साव के 25 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार साव की आग में झुलस कर मौत हो गई। वहीं बछवाड़ा थाने के चमथा गांव, गोपालपुर, भगवानपुर थाने के औगान, बीहट के बलछी गाछी में आग लगने से 300 से ज्यादा घर जल कर राख हो गए।
सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के लालापुर में गुरुवार को 100 से अधिक घर जल कर खाक हो गए। इस अगलगी में घर के भीतर सो रहा एक दिव्यांग 50 वर्षीय पियर चंद महतो आग से ही घिर गया और झुलसकर उसकी मौत हो गई। हसनपुरा पंचायत के लालापुर महतो टोला में फूस और एसबेस्टस से सैकड़ों घर पास-पास बने थे जो आग की चपेट में आ गए।
नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के सोनसा गांव में गुरुवार को गैस रिसाव से घर में लगी आग में जिंदा जलकर 13 वर्षीया बालिका की मौत हो गई। सतीश पाठक की पुत्री साक्षी कुमारी थी। शुक्रवार को पीड़ित के बड़ी पुत्री आरती कुमारी की घर में बारात आने वाली थी। शादी की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। उसी दौरान एकाएक गैस रिसाव से घर में आग लग गई।
भूंजा भूंजने के दौरान चिनगारी भड़की और गांव खाक
जहानाबाद के परसबिगहा थाने के हृदयचक बिंद टोले में गुरुवार की दोपहर एक घर के चूल्हे से निकली चिनगारी ने पूरे गांव को चपेट में ले लिया और 146 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। जलने वाले अधिकांश घर मिट्टी व फूस के थे।
100 घर औरंगाबाद में जले
औरंगाबाद के देवकुंड थाना क्षेत्र के हथियारा गांव में गुरुवार को लगभग सौ घर जल कर राख हो गए। आग बुझाने के क्रम में चार लोग झुलस गए। घायलों में उसी गांव के मुन्ना ठाकुर, कुंदल कुमार, संतोष कुमार व रंजीत कुमार शामिल हैं। आग सबसे पहले युगल राम के घर में लगी।
12 परिवारों के घर राख
बक्सर के चिनगारी से लगी आग से एक दर्जन झोपड़ियां जल कर राख हो गईं। कई पशु झुलस कर मर गए। घटना जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के धनंजयपुर गांव की है। गुरुवार को अचानक चिनगारी से आग लग गई और झोपड़ियों को चपेट में ले लिया।
133 घर समस्तीपुर व बांका में हो गए राख
समस्तीपुर की बसढिया पंचायत लक्ष्मीपुर गांव में गुरुवार को हुई भीषण अगलगी में 100 घर जलकर राख हो गए। मां-बेटा झुलस गए। मोहिउद्दीननगर के हेमनपुर में 20 घर जले। मोरवा प्रखंड के मरीचा गांव में गुरुवार की दोपहर देवेन्द्र राय के घर में आग लग गई। बांका जिले के रजौन प्रखंड के धर्मचक व करसानी गांव में 13 घर जल गए।
Source: Bhaskar

Post a Comment