पटना: भाकपा माओवादी संगठन, झारखंड ने पटना और गया जंक्शन को डायनामाइट से उड़ाने की धमकी दी है। दोनों स्टेशनों के स्टेशन प्रबंधकों के दफ्तर में रजिस्ट्री से धमकी भरा पत्र आया है। धमकी भरा पत्र गुरुवार को मिला है। धमकी भरे पत्र में माओवादी संगठन ने लिखा है कि पटना और गया स्टेशन के महाप्रबंधक 15 दिन में नौकरी छोड़ दें वरना दोनों स्टेशनों को डायनामाइट से उड़ा दिया जाएगा।
धमकी भरा पत्र देने वालों ने अपना नाम रवींद्र वर्मा, अंजनी कुमार सिन्हा और पता बरमसिया, गिरिडीह, झारखंड लिखा है। 18 अप्रैल को यह रजिस्ट्री की गई है। लिफाफे पर मुहर है पर साफ नहीं है कि कहां से पोस्ट किया गया है। पटना और गया जंक्शन पर महाप्रबंधक का पोस्ट नही है, प्रबंधक का पद है। रेल पुलिस ने पत्र को गंभीरता से लिया है और पटना, गया समेत पटना रेल जिले के सभी स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। रेल पुलिस ने स्थानीय एसएसपी और एसपी को भी इसकी सूचना दे दी है।
डॉग स्क्वॉयड व मेटल डिटेक्टर से जांच शुरू
अनहोनी की आशंका को देखते हुए पटना और गया जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉयड और मेटल डिटेक्टर के साथ बम निरोधी दस्ते को लगा दिया गया है। ट्रेन और प्लेटफार्म पर यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच शुरू कर दी गई। जीआरपी के साथ ही आरपीएफ के जवानों को इसमें लगा दिया गया। रेल पुलिस के जवानों को पेट्रोलिंग का आदेश दिया गया है। ट्रेन में एस्कार्ट पार्टी को सतर्क रहने को कहा गया है। रेल एसपी जितेंद्र मिश्र खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
माओवादी पर्चा साटते हैं, पत्र नहीं भेजते
माओवादी ऑपरेशन से जुड़े पुलिस और पैरा मिलिट्री अफसरों का मानना है कि पर्चा साटकर धमकी देना नक्सलियों की फितरत है। अमूमन वे रजिस्ट्री पत्र के जरिये किसी को धमकी नहीं देते। इस मामले में किसी रेल कर्मी की भी शरारत हो सकती है। वैसे इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सुरक्षा बढ़ा दी गई है, एसपी को दी गई है सूचना- रेल एसपी
रेल एसपी जितेंद्र मिश्र ने कहा कि धमकी भरे पत्र को गंभीरता से लिया गया है। पटना, गया समेत जिले क सभी स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम निरोधी दस्ता,डॉग स्क्वॉयड को लगाया गया है। हैंड मेटल डिटेक्टर से यात्रियों की तलाशी की जा रही है। सीसीटीवी पर भी नजर है। स्थानीय एसएसपी व एसपी को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
Source: Bhaskar

Post a Comment