पटना/रांची: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि हम झारखंड में जाकर ऐसा माहौल बनाएंगे कि वहां पर भी शराब पर प्रतिबंध लग जाए। झारखंड में महिलाओं का आंदोलन शुरू हो गया है। यूपी से भी मुझे महिलाओं का समर्थन मिल रहा है।
झारखंड में भारी बोली लगाकर शराब की दुकान लेने वाले अगर यह सोचते हैं कि बिहार में सप्लाई कर लेंगे तो वे भ्रम में हैं। अब हमारा ध्यान पड़ोसी राज्यों में है। नीतीश अंबेडकर जंयती पर बिहार में पूर्ण शराबबंदी पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे।
नीतीश ने कहा कि शराब कारोबारियों का दिमाग अभी रास्ते पर नहीं आया है। उन्होंने अब भी कई गलतफहमियां पाल रखी है, जो बहुत जल्द दूर हो जाएंगी। हमने शराबबंदी को चुनौती के रूप में लिया है, बिहार से शराबबंदी की जो आवाज उठी है, उसको कोई रोक नहीं पाएगा। कुछ लोग कहते हैं शराबबंदी पहले विफल हो चुकी है। सवाल उठता है कि पहले विफल रहा तो क्या लोगों को शराब पीने के लिए छोड़ दें। सरकार पूरी सख्ती के साथ शराबबंदी को लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी से गांवों में बड़ी शांति आ गई है। जो लोग पीकर बवाल करते थे, वे अब चुपचाप अपना काम करते हैं। नीतीश ने अपने स्वर्गवासी बहनोई को याद करते हुए कहा- मैंने उनसे एक बार कहा था कि अगर कभी पावर में आया तो बिहार में शराबबंदी लागू करूंगा। और आपको पीने के आरोप में गिरफ्तार करूंगा। अब बहनोई तो रहे नहीं। इसलिए कोई यह नहीं सोचे कि मैंने बिना सोचे-समझे शराबबंदी लागू कर दी है। हम सोच-समझ कर ही कुछ बोलते हैं।
Source: Bhaskar

Post a Comment