पटना: दरभंगा में दो इंजीनियरों की हत्या का मुख्य आरोपी मुकेश पाठक उर्फ चुटुल पाठक पर राज्य सरकार ने 1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। मुकेश मोतिहारी का रहने वाला है और 17 आपराधिक वारदातों में पुलिस को उसकी तलाश है।
मुकेश के अलावा 6 कांडों में फरार निकेश दुबे, शिवहर के कुख्यात अपराधी व दो कांडों में फरार अभिषेक झा और सीतामढ़ी के विकास झा उर्फ कालिया पर भी एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। 8 आपराधिक मामलों में कालिया की तलाश है। दरअसल, गृह विभाग ने गया, मोतिहारी, शिवहर एवं सीतामढ़ी जिलों के फरार उग्रवादियों व अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए पुरस्कार की घोषणा की है।
गया जिला के भाकपा माओवादी के केन्द्रीय कमिटी सदस्य कालिका यादव उर्फ पुन यादव को 21 नक्सली कांडों में फरार रहने तथा सब जोनल सदस्य इंदल जी उर्फ उमा भोक्ता उर्फ ललन भोक्ता को 30 नक्सली कांडों में फरार रहने के कारण एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। घोषित पुरस्कार की राशि की वैधता अवधि दो वर्षों की होगी।
शगृह विभाग के अनुसार कोई भी व्यक्ति जो फरार उग्रवादी व अपराधी को गिरफ्तार कराने या सूचना देकर उनकी गिरफ्तारी में सहयोग करेगा वह पुरस्कार का हकदार होगा। फरार अपराधी की गिरफ्तारी में एक से अधिक व्यक्ति की सहायता मिलने पर पुरस्कार की राशि हकदार व्यक्तियों के बीच उसी अनुपात में वितरित होगी, जैसा डीजीपी निर्धारित करेंगे।
Source: Bhaskar

Post a Comment