पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर और बांका में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में 9 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद लोगों ने हंगामा किया है।
पहली घटना मुजफ्फरपुर के एनएच 77 पर झपहा के हुई। यहां जीप ने सड़क पर खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी भी शामिल हैं। हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सभी सीतामढ़ी के रहने वाले हैं।
मुंबई से शादी में शामिल होने आ रहे थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई में रहते थे। वे सीतामढ़ी में एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आए थे। वे लोग जीप पर सवार होकर सीताढ़ी के लिए निकले थे। मुजफ्फरपुर शहर से निकलने के कुछ देर बाद ही हादसा हो गया।
पुलिस पर लगा गहने चोरी करने का आरोप
हादसे में बचे घायल लोगों ने पुलिस पर सोने के गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के बाद जीप पलट गई थी। मौके पर पुलिस पहुंची और जीप को सीधा करने की कोशिश करने लगी। घायल लोगों ने कहा कि गाड़ी में गहने रखे हैं पहले उन्हें निकाल लिया जाए, लेकिन पुलिस वालों ने उनकी बात नहीं सुनी। जीप सीधा करने के बाद पुलिस ने कहा कि गाड़ी से उन्हें गहने नहीं मिले हैं।
बांका में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
नेहरू कॉलोनी के पास रेलवे ओवर ब्रिज के पास एक बेकाबू ट्रक ने तीन महिलाओं को कुचल दिया। इलाज के लिए ले जाने के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। हादसे में दो महिला घायल हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों महिला शीतला स्थान में पूजा करने जा रही थी। महिला की मौत से नाराज लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बांका-अमरपुर मुख्यमार्ग को जाम कर दिया। जगह-जगह टायर जला कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जाम कर रहे लोगों को पुलिस समझाने की कोशिश कर रही है।
Source: Bhaskar

Post a Comment