मुजफ्फरपुर: कुख्यात अपराधी बैजू कहार गिरोह ने माड़ीपुर एक्सिस बैंक में 47 लाख 8 हजार 631 रुपए की डकैती की थी। विशेष पुलिस टीम ने बैंक डकैती की गुत्थी सुलझा ली है। बैजू कहार व उसके साथ पकड़े गए दो अपराधियों के पास से लूट की आठ लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं। उसके गिरोह के दोनों अपराधी की गिरफ्तारी में पटना पुलिस का सहयोग लिया गया है। जानिए कहां आरोपियों को पुलिस ने दबोचा...
- अगमकुआं व आसपास के इलाकों में शुक्रवार रात छापेमारी कर पुलिस ने बैजू गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा।
- वैशाली जिले के बिदुपुर इलाके के रहने वाले बैजू कहार को मुजफ्फरपुर व पटना पुलिस की टीम ने हाजीपुर से गिरफ्तार किया था।
- बैजू के पास ढाई लाख रुपए बरामद हुए थे। बैजू गिरोह ने ही हाजीपुर के दौलतपुर एक्सिस बैंक में डकैती की थी।
- माड़ीपुर व दौलतपुर एक्सिस बैंक डकैती में छह अपराधी बैंक के अंदर घुसे थे। दोनों घटनाओं में दो ने हेलमेट व चार ने मास्क पहना था।
- उसने अपने गिरोह के सभी अपराधियों के नाम का खुलासा कर दिया है। देर रात तक उनकी गिरफ्तारी को छापेमारी जारी थी।
- बता दें कि 27 अप्रैल को एक्सिस बैंक में डकैती हुई थी।
अतरदह निवासी महेश था बैंक डकैती का लाइनर
- सदर इलाके के अतरदह निवासी महेश बैंक डकैती का लाइनर था।
- वह काजीमोहम्मदपुर पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है।
- दस दिन से विशेष टीम इस लूट की गुत्थी को सुलझाने में जुटी थी।
- इस लूट से एलएस कॉलेज गेट पर हुई 29 फरवरी को ढाई लाख लूट की गुत्थी भी सुलझ गई है।
- सिगरेट एजेंसी के कर्मचारी को गोली मार कर रकम लूटी गई थी।
- अपराधियों के हाथ साढ़े आठ लाख की रकम लगी थी। जानबूझ कर कम रकम की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
सिटी एसपी कर रहे थे नेतृत्व
सिटी एसपी आनंद कुमार खुद तीन दिनों से विशेष टीम के सदस्यों के साथ पटना में जमे थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। पूछताछ में बैजू ने स्वीकार किया है कि पूरी घटना में 7 अपराधी शामिल थे। एक बैंक के बाहर नजर रख रहा था। पटना एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि पुलिस इन तीनों को अगमकुआं लूट के मामले में रिमांड पर लेगी। इस गिरोह ने और कई वारदात को अंजाम दिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
Source: Bhaskar

Post a Comment