बगहा: बिहार में शराबबंदी के बाद सीमा से सटे यूपी के गांवों में शराब की दुकानें खोले जाने पर ग्रामीणों का उग्र विरोध सामने आने लगा है। ताजा मामला बिहार- यूपी सीमा पर यूपी के गांव नवगांवा का है। बिहार की सीमा यहां से बमुश्किल 100 मीटर है। सीमा पर बांसी नदी है। इस पार बिनही बिहार के भीतहा थाने का गांव है। नवगांवा में यूपी के आबकारी विभाग ने शराब दुकान खोलने की अनुमति दे डाली है। यहां विरोध के बाद भी खोल ली दुकान...
- नशामुक्ति अभियान के बैनर तले एकजुट ग्रामीणों ने किसी कीमत पर अपने गांव में शराब की दुकान नहीं खोलने देने का ऐलान कर डाला।
- ग्रामीण कुशीनगर (यूपी) के डीएम को आवेदन देकर अपनी आपत्ति दर्ज करा डाली। गांव में तनाव बना हुआ है।
यूपी की महिलाओं ने कहा- नीतीश ने शराब बंद की तो इधर पहुंचे धंधेबाज
बैठक में शामिल सुशीला देवी, उर्मिला देवी, सैफुन नेशा, विजय निषाद, अख्तरी बेगम, पप्पू सिंह, गोविंद निषाद आदि ने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार की लागू की गई शराबबंदी से उन्हें बड़ी राहत मिली है। हाल - हाल तक बिहार का बिनही गांव वैध - अवैध शराब कारोबार का बड़ा अड्डा हुआ करता था। बिहार सरकार ने शराबबंदी लागू की, तो शराब कारोबारियों की नजर अब यूपी के सटे गांवों पर टिक आई है। महिलाओं ने साफ कहा कि वे किसी कीमत पर दुकान खुलने नहीं देंगी। वे नहीं चाहतीं कि उनके घरों में बाप दारू पिये और बेटे भूखों मरें।
टकराव की आशंका
ग्रामीणों के सख्त तेवर के कारण ठेकेदार की हिम्मत नहीं पड़ रही है कि वह इस गांव में पहुंच पाये। लेकिन यूपी प्रशासन के रवैये के कारण टकराव से लोग इनकार नहीं करते। यूपी पुलिस ने कहा कि हर हाल में टकराव टाला जाएगा।
करमहिया में विरोध के बाद भी खोली दुकान
ठीक ऐसी ही नौबत बिहार के धनहा थानाक्षेत्र में बांसी सीमार से सटे यूपी के गांव बांसी करमहिया में भी उत्पन्न हुई थी। ग्रामीणों ने इस गांव में पहुंची शराब की पहली ही खेप लूट ली थी। हालांकि यूपी प्रशासन ने ग्रामीणों के तमाम विरोध के बावजूद यहां दुकान खोलवा डाली। कोई कुछ नहीं कर पाया।
Source: Bhaskar

Post a Comment