पटना: अमूमन पुलिस फोर्स के पास रहने वाली बेरेटा पिस्टल रॉकी यादव के पास थी। जिस बेरेटा या बरेटा पिस्टल का इस्तेमाल कई देशों की पुलिस-फौज से लेकर यूएस आर्मी तक करती है, गया में रोड रेज के दौरान उसी ब्रांड की पिस्टल से रॉकी ने व्यवसायी पुत्र आदित्य सचदेवा पर फायरिंग की थी। जानिए, कैसी होती है बेरेटा पिस्टल....
- बेरेटा पिस्टल सेमी ऑटोमेटिक सीरिज की अत्याधुनिक पिस्टल है।
- हथियार बनाने वाली दुनिया की सबसे पुरानी कंपनियों में शुमार बेरेटा (इटली) इसका निर्माण करती है।
- कीमत करीब 15 लाख रुपए आैर केपिसिटी यानी मैग्जीन में एक बार में 15 गोलियां लोड होती है।
- इसका फायरिंग रेंज 50 मीटर तक होता है। अव्वल तो इसे खरीदना सबके वश की बात नहीं होती आैर सामान्य परिस्थितियों में इसका लाइसेंस भी नहीं मिलता है।
- हालांकि यह भी हकीकत है कि वर्ष 2013 में बाकायदा दिल्ली से लाइसेंस लेकर रॉकी अपने पास बेरेटा पिस्टल रखता था।
- दिल्ली पुलिस की दलील है कि राष्ट्रीय राइफल संघ से मान्यता प्राप्त शूटर होने के कारण रॉकी के नाम लाइसेंस जारी किया गया था।
- तब रॉकी ने खुद को नक्सल प्रभावित चतरा का निवासी बताते हुए माओवादियों से खतरे का हवाला देकर लाइसेंस मांगा था।
- वैसे दिल्ली पुलिस की लापरवाही का आलम यह रहा कि उसने लाइसेंस देने से पहले पारिवारिक या पैतृक शहर में उसके बैंक ग्राउंड की जांच तक नहीं की, जबकि यह जरुरी होता है।
रॉकी की विदेशी पिस्तौल देगी हत्या की साइंटिफिक गवाही
गवाहों के बयान व पुलिस के अनुसंधान के बीच एमएलसी पुत्र रॉकी यादव की विदेशी पिस्तौल भी हत्या की साइंटिफिक गवाही देगी। कोर्ट के आदेश पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में हुई पिस्तौल की तकनीकी जांच की रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वारदात की रात रॉकी की बेरेटा पिस्तौल से फायरिंग हुई थी। बीते 10 मई को बोधगया के मस्तपुरा से रॉकी को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने उसके पास से बेरेटा पिस्टल को जब्त किया था।
मनोरमा की अग्रिम जमानत पर सुनवाई आज
एमएलसी मनोरमा देवी गया कोर्ट में दायर की अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को कोर्ट में सुनवाई होगी। मनोरमा के वकील कैसर सर्फुद्दीन ने अग्रिम जमानत की अर्जी शुक्रवार को कोर्ट में दाखिल की थी। एमएलसी को जमानत मिलेगी या नहीं, इस पर अब सबकी निगाहें लगी हुई हैं। एमएलसी के वकील ने जमानत के लिए कई आधार प्रस्तुत किए हैं। वैसे गया कोर्ट के एक सरकारी वकील के दावा है कि जिस प्रकार की शराब अधिनियम की धाराएं एमएलसी पर हैं, उसके आधार पर जमानत नहीं होने की संभावना है।
शाहनवाज ने कहा- नीतीश अपराध कम करें तो यह बिहार के लिए बेहतर: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आदित्य सचदेवा के परिजनों से मिलने के बाद कहा कि नीतिश कुमार बिहार के लिए सात संकल्प की बात कर रहे हैं लेकिन यदि वे एक संकल्प पर ही काम करें कि अपराध कम करें तो यह बिहार के लिए बेहतर होगा।
पप्पू यादव ने कहा- सत्ता के लिए पैसे और रसूखवाले को नीतीश ने दिया टिकट:सत्ता के लिए पैसे और रसूखवाले को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टिकट दिया है। यही कारण है कि बिहार में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं।
Source: Bhaskar

Post a Comment