पटना: एम्बुलेंस में लेटे वृद्ध व्यक्ति कोई आम मरीज नहीं हैं। ये हैं JNU स्टूडेंट यूनियन प्रेसिडेंट कन्हैया कुमार के पिता जयशंकर। बेटे के पास उनसे मिलने का समय नहीं था। इसलिए कन्हैया ने लकवाग्रस्त पिता को ही गांव से पटना बुलवा लिया औऱ कुछ समय उनके साथ बिताया। 6 महीने बाद हुई मुलाकात...
कन्हैया कुमार दो दिन के लिए बिहार आए हैं। बिहार सरकार ने उन्हें VVIP कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई है। उनका कारों का काफिला ऐसा था, जैसा बड़े-बड़े मंत्रियों को भी नहीं मिलता। दो डीएसपी, कई इंस्पेक्टर और 100 पुलिस वालों की सुरक्षा में कन्हैया जहां भी गए टीवी के कैमरे उन्हें लाइव शूट करते रहे।
बेटे से मिलने एम्बुलेंस से आए पिता
कन्हैया बिहार आकर अपने परिवार से भी मिलना चाहते थे। वह 6 माह से अपने पिता जयशंकर सिंह और घर के लोगों से नहीं मिले थे। अपने पिता से मिलने कन्हैया बेगूसराय स्थित घर नहीं गए, बल्कि पूरे परिवार को पटना बुला लिया। पिता बीमार थे वह बेटे से मिलने एम्बुलेंस से आए।
पिता जयशंकर के साथ पूरा परिवार कन्हैया से मिलने पहुंचा। पटना के जनशक्ति भवन में शनिवार दोपहर को कन्हैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पत्रकारों के साथ बात करने के बाद कन्हैया अपने घरवालों से मिले। उन्होंने परिवार के साथ कुछ वक्त बिताया। इसके बाद अपने पिता और घर के अन्य लोगों को बेगूसराय के लिए विदा किया।
Source: Bhaskar

Post a Comment