पटना: बिहार बोर्ड में इंटर (12वीं) साइंस के रिजल्ट में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सैकड़ों स्टूडेंट बुधवार को इसकी शिकायत करने इंटर काउंसिल दफ्तर पहुंचे थे। बता दें कि 12वीं में फेल कई स्टूडेंट्स में ऐसे भी थे जिन्होंने जेईई मेन्स में क्वालीफाई कर लिया, लेकिन इंटर का रिजल्ट उनके लिए हैरान करने वाला था। इंटर साइंस रिजल्ट में गड़बड़ी की शिकायत करने पहुंचे कुछ छात्रों के उपद्रव के बाद पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं। कई स्टूडेंट्स को दौड़ाकर भी पीटा गया। क्या है पूरा मामला, स्टूडेंट्स की क्या है शिकायत...
एक्सपर्ट्स ने भी कहा गड़बड़ी
- स्टूडेंट्स का कहना है कि- हमने जेईई मेन्स के रूप में एक टफ एग्जाम क्लियर कर लिया, पर बोर्ड एग्जाम में फिजिक्स व केमिस्ट्री में सिर्फ 5-6 नंबर कैसे आ सकते हैं।
- हालांकि बिहार बोर्ड कॉपी जांचने में गड़बड़ी से इनकार कर रहा है। उधर, एक्सपर्ट्स ने भी कहा कि जेईई क्लियर करने वाला स्टूडेंट अगर बोर्ड एग्जाम की ठीक से तैयारी नहीं भी करे तो भी वह फेल तो नहीं होगा।
- हां, कुछ नंबर उसके कम आ सकते हैं, लेकिन 6 या 5 नंबर आए यह तो बिल्कुल पॉसिबल नहीं है। यह कॉपी जांचने की गड़बड़ी है।
स्टूडेंट्स पर लगे ये रोप
- आरोप है कि सैकड़ों की संख्या में पहुंचे उग्र छात्रों ने जमकर हंगामा मचाया और तोड़फोड़ की।
- स्टूडेंट्स ने फूल के गमले आदि का पटकने के साथ ही कई गाड़ियों को निशाना बनाया, जिससे वहां से अफरातफरी मच गई।
- तोड़फोड़, हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कुछ स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
गेट बंद कर स्टूडेंट्स की पिटाई
- स्टूडेंट्स का कहना है कि इस बार जनरल मार्किंग हुई है। ठीक से कॉपी की जांच नहीं हुई।
- बोर्ड ने जानबूझकर नंबर देने में कोताही की है। कॉपी जांचने में भारी लापरवाही हुई है।
- इसके अलावा अंकों की जोड़ और प्रिंट में भी खामी है। इसी लापरवाही से कई जेईई में पास कर गए पर इंटर में फेल हो गए।
- स्टूडेंट्स ने कहा कि दो घंटों तक एक भी अफसर उनकी फरियाद सुनने नहीं आए।
- इससे सब्र का बांध टूट गया। फिर पुलिस ने काउंसिल का गेट बंदकर छात्रों को घेर लिया और बेरहमी से लाठियों बरसानी शुरू कर दी।
किसी को जीरो तो किसी को 100 में से मिले 2001 मार्क्स
- इंटर साइंस रिजल्ट में खूब गड़बड़ियां मिली हैं। कई गड़बड़ियां ऐसी कि देखने वाले भी भौचक्के रह जाएं।
- किसी को अन्य सब्जेक्ट्स में बेहतर मार्क्स और एक में बिल्कुल जीरो। किसी को एक भी मार्क्स नहीं तो किसी को 100 में 2001 नंबर।
- अभिषेक कुमार( रोल नंबर 10024 ) को फिजिक्स में 70 नंबर के थ्योरी पेपर में 2001 नंबर दे दिया गया है।
- इसी तरह बिट्टू कुमार (रोल नंबर 10020) को केमिस्ट्री में थ्योरी में जीरो नंबर मिले हैं, जबकि इसके प्रैक्टिकल में 30 में से 29 नंबर हैं।
- बिट्टू को उम्मीद थी कि केमिस्ट्री में कम से कम 50 नंबर आएंगे।
- एक अन्य स्टूडेंट रवि राज (रोल नंबर-40007) को एक भी नंबर नहीं मिला है।
बिहार बोर्ड सेक्रेटरी क्या बोले
- बिहार स्कूल एग्जाम कमेटी सेक्रेटरी हरिहर नाथ झा ने कहा, "कॉपी जांचने में कोई गड़बड़ी नहीं रही है। कुछ प्रिंट की दिक्कतें हो सकती हैं, जिसे हम स्वीकार करते हैं। ऐसी वाजिब समस्याएं अगर हैं तो स्टूडेंट्स हमारे पास आएं, हम 24 घंटे में उनकी दिक्कत दूर कर देंगे। पर, जानबूझकर परेशान करने और हंगामा करने से उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला है।"
-झा ने बताया कि इंटर साइंस के लिए स्क्रूटनी के लिए एप्लीकेशन प्रोसेस शुरू कर दी गई है। स्टूडेंट्स 18 मई तक अप्लाई कर सकते हैं।
Source: Bhaskar

Post a Comment