पटना: पटना घाट-दीघा पैसेंजर ट्रेन (73214) में लूटपाट का विरोध करने पर बौखलाए लुटेरों ने चाकुओं से गोद कर रेलवे के सफाईकर्मी (प्राइवेट) हरेराम मल्लाह (32 वर्ष) को मार डाला। राजधानी के बीचोंबीच बीते सोमवार की देर रात एक बजे यह वारदात राजेंद्र नगर टर्मिनल व पटना जंक्शन के बीच कठपुलवा (लोहानीपुर) के पास हुई। इस दौरान एक अन्य पैसेंजर भी घायल हो गया।
बाद में रेल पुलिस की डीआईजी मंजू झा आैर रेल एसपी जितेंद्र मिश्र ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। रेल थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के मुताबिक- मंगलवार की रात परिजनों ने मृतक पैसेंजर की पहचान कुम्हरार निवासी हरेराम मल्लाह के रुप में की। गौरीचक इलाके का मूल निवासी हरेराम राजेंद्र नगर टर्मिनल पर प्राइवेट सफाईकर्मी के रुप में काम करता था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह क्यों जंक्शन आ रहा था? घायल देवनंदन कुमार लखीसराय जिले के हलसी थानांतर्गत सिरखंडी गांव का मूल निवासी है।
आउटर पर खड़ी ट्रेन में घुसे थे तीन अपराधी
दरअसल, रात 12.55 बजे टर्मिनल से पैसेंजर ट्रेन जंक्शन के लिए खुली हालांकि सिग्नल लाल होने के कारण आउटर के पास कठपुलवा एरिया में खड़ी थी। इसी दौरान चाकू से लैस तीन अपराधी एक बोगी में घुसे आैर उसमें बैठे मात्र दो यात्रियों हरेराम व देवनंदन के साथ लूटपाट की कोशिश करने लगे। इसका विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए दोनों पैसेंजर को लहूलुहान कर दिया आैर भाग निकले। बाद में ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचने पर रेल पुलिस ने दोनों घायल पैसेंजर को पीएमसीएच पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान हरेराम की मौत हो गई।
टीनएजर हैं कातिल लुटेरे, स्केच जारी
अंधेरी रात में सुनसान इलाके में खड़ी पैसेंजर ट्रेन में दुस्साहसिक हरकत करने वाले तीनों कातिल लुटेरे टीनएजर हैं। चश्मदीद (घायल पैसेंजर) के मुताबिक दो अपराधी 12 से 14 वर्ष के बीच के थे, जबकि एक अन्य करीब 17 वर्ष का है। बहरहाल पैसेंजर से मिले हुलिया व अन्य पहलुओं की जानकारी के आधार पर रेल पुलिस ने मंगलवार की रात एक अपराधी का स्केच जारी कर दिया। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कई संदिग्ध हिरासत में
रेल एसपी जितेंद्र मिश्र के मुताबिक अपराधियों के भागने की दिशा से कनेक्टेड एरिया से जुड़े संदिग्धों पर भी नजर है। इसी क्रम में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। परंपरागत व साइंटिफिक तरीके से अनुसंधान हो रहा है।
रेल एसपी ने बताया कि ट्रेन में चार बोगी है। दो-चार-पांच पैसेंजर रहते हैं। महत्वपूर्ण ट्रेन नहीं होने से पहले से एेसा हो रहा था। अब इस ट्रेन में फोर्स दे रहे हें। एस्कॉर्ट दस्ते की तैनाती के लिए आदेश दिए गए हैं।
Source: Bhaskar

Post a Comment