दरभंगा: एलएन मिथिला विवि के अंगीभूत महाकवि कालीदास सूर्यदेव महाविद्यालय त्रिमुहान चन्दौना के प्राचार्य डॉ. बुद्धदेव प्रसाद सिंह गुरुवार को निगरानी के हत्थे चढ़ गए। रिटायर्ड होने से मात्र दो माह पूर्व निगरानी की टीम ने प्राचार्य डॉ. सिंह को सत्तर हजार रुपया घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार प्राचार्य ने यह घूस का रुपया कॉलेज में बगीचा व संपर्क पथ निर्माण के संवेदक से लिए थे। मुंगेर के काशी बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार निवासी संवेदक गौतम कुमार चौधरी की शिकायत पर पहले से घात लगाए निगरानी की टीम ने प्राचार्य के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
शिकायतकर्ता संवेदक ने कॉलेज परिसर में इक्कीस लाख रुपये का पौधरोपण एवं उसे कंटीला तार से घेराबंदी के साथ ही संपर्क पथ निर्माण का कार्य लिया था। बताया जाता है कि संवेदक को कार्य आवंटित करने के एवज में प्राचार्य द्वारा संवेदक से 83 हजार रुपया घूस के रुप में मांगा गया। संवेदक द्वारा काफी मान मनौवल के बाद सत्तर हजार रुपए पर जाकर मामला तय हुआ।
प्राचार्य के इस रवैये से परेशान संवेदक ने इसकी सूचना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को दे दी। सूचना मिलते ही निगरानी विभाग ने अपने स्तर से मामले की जांच की और मामला सही पाते ही प्राचार्य को रंगे-हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया। अंतत: गुरुवार को प्राचार्य डाॅ. सिंह को अपने कार्यालय कक्ष में ही सत्तर हजार रुपया घूस लेते निगरानी की टीम ने रंगे-हाथ दबोच लिया। निगरानी डीएसपी मुन्ना प्रसाद के नेतृत्व में टीम में पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश पाठक, संजीव कुमार, विजय कुमार एवं आरक्षी शशि और मणी मौजूद थे।
Source: Bhaskar

Post a Comment